नया बदायूं

स्वाइन फ्लू : राजकीय मेडिकल कॉलेज में पढ़ाया गया जागरूकता का पाठ

नया बदायूं, संवाददाता।

स्वाइन फ्लू वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज में सोमवार को जागरूकता संगोष्ठी की गई। मेडिकल कॉलेज के लेक्चर थिएटर-3 में आयोजित कार्यक्रम में डॉक्टरों स्वास्थ्यकर्मियों, जूनियर एवं सीनियर रेजीडेंट्स को स्वाइन फ्लू के संक्रमण, लक्षण, बचाव और उपचार के संबंध में जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का आयोजन राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. शिव कुमार के निर्देशन में किया गया। माइक्रोबायोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. वशिष्ठ मिश्रा के मार्गदर्शन में संगोष्ठी का संचालन हुआ, जबकि डॉ. निगार फातिमा, सहायक आचार्य ने समन्वयक की भूमिका निभाई।

लक्षणों पर दी जानकारी

संगोष्ठी में विभिन्न विभागों के विशेषज्ञों ने स्वाइन फ्लू वायरस से होने वाले संक्रमण और मरीजों में दिखाई देने वाले लक्षणों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विशेषज्ञों ने कहा कि संक्रमण के मामलों में वृद्धि को देखते हुए चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। मरीजों में संक्रमण के संभावित लक्षणों की समय से पहचान कर आवश्यक उपचार शुरू करने पर भी जोर दिया गया।

मास्क के साथ 2 गज की दूरी जरूरी 
मास्क, हाथों की स्वच्छता और दूरी पर जोर
कार्यक्रम के दौरान स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए मास्क का प्रयोग, हाथों की नियमित स्वच्छता और संक्रमित व्यक्ति से उचित दूरी बनाए रखने की जानकारी दी गई। आवश्यकतानुसार वैक्सीनेशन कराने के लिए भी स्वास्थ्यकर्मियों को जागरूक किया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि संक्रमण की रोकथाम में व्यक्तिगत सावधानी के साथ-साथ स्वास्थ्य संस्थानों में संक्रमण नियंत्रण के उपायों का पालन बेहद महत्वपूर्ण है।

फ्रंटलाइन स्वास्थ्यकर्मियों के वैक्सीनेशन के निर्देश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप-प्रधानाचार्य डॉ. नेहा सिंह ने कहा कि स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए जागरूकता और समय रहते सावधानी बरतना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने नियमित जांच कराने तथा स्वाइन फ्लू मरीजों के संपर्क में आने वाले फ्रंटलाइन स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीनेशन कराने के निर्देश दिए।

मरीजों की जांच का प्रबंध
उन्होंने बताया कि स्वाइन फ्लू एवं अन्य संक्रामक रोगों के मरीजों के लिए अस्पताल में पृथक ओपीडी काउंटर चिन्हित किया गया है, ताकि मरीजों की जांच और उपचार के दौरान संक्रमण के प्रसार को नियंत्रित किया जा सके।
डॉ. नेहा सिंह ने बताया कि राजकीय मेडिकल कॉलेज की बीएसएल लैब में स्वाइन फ्लू की जांच के लिए पर्याप्त मात्रा में आरटी-पीसीआर किट उपलब्ध हैं। इसके साथ ही चिकित्सालय में आवश्यक औषधियों और ऑक्सीजन की पर्याप्त उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है।

यह टीम रही मौजूद
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रितुज अग्रवाल, डॉ. अर्शिया मसूद सिद्दीकी, डॉ. ईषा सिंद्यल, डॉ. अमृता बाचपेयी, डॉ. सुचेता यादव, डॉ. लालेन्द्र यादव, डॉ. रश्मि सिंह और डॉ. नेहा सिंह (दंत रोग विभाग) सहित अन्य संकाय सदस्य, जूनियर रेजीडेन्ट, सीनियर रेजीडेन्ट एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

Exit mobile version