नया बदायूं

बंगाल के नये मुख्यमंत्री होंगें सुवेंदु अधिकारी, अमित शाह ने की घोषणा

नई दिल्ली, एजेंसी। बंगाल में भाजपा की जीत का डंका बज रहा है। बंगाल की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत हो रही है। तमाम अटकलों और कयासों पर विराम लगाते हुए भाजपा ने सुवेंदु अधिकारी को बंगाल का नया मुख्यमंत्री चुन लिया है। गृहमंत्री ने सुवेंदु अधिकारी को माला पहनाकर भरे मंच से ऐलान कर दिया है।

बंगाल में शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में हुई नवनिर्वाचित 206 विधायकों(सुवेंदु दो सीटों से जीते हैं) की बैठक में सुवेंदु को सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया। शनिवार को कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भव्य समारोह के बीच नई सरकार का शपथ ग्रहण होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहेंगे। बैठक के बाद अमित शाह ने आधिकारिक घोषणा करते हुए कहा कि विधायक दल के नेता के चुनाव की प्रक्रिया पूरी लोकतांत्रिक रही। आठ प्रस्ताव आए और सभी में केवल सुवेंदु अधिकारी का ही नाम था। हमने दूसरे नाम के लिए पर्याप्त समय दिया, लेकिन कोई अन्य दावेदार सामने नहीं आया।

बंगाल में शपथ ग्रहण की तैयारी, मोदी होंगे गवाह
बंगाल राज्य की 294 सीटों में से भाजपा ने 207 पर जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है, जबकि तृणमूल कांग्रेस महज 80 सीटों पर सिमट गई है। शनिवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के लिए बंगाल भाजपा में जबरदस्त उत्साह है। अमित शाह ने शुक्रवार सुबह दक्षिणेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना कर बंगाल के नए सफर की मंगलकामना की। सुवेंदु अधिकारी अब राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे, जिसके बाद शनिवार को वे बंगाल के नौवें और भाजपा के पहले मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे।

Exit mobile version