नया बदायूं

बदायूं में रिश्वत लेते दरोगा रंगे हाथ गिरफ्तार, भ्रष्टाचार निरोधक टीम की बड़ी कार्रवाई

नया बदायूं, संवाददाता। 
भ्रष्टाचार निवारण संगठन की बरेली टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बदायूं में तैनात एक दरोगा को 6,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही जीरो टॉलरेंस नीति के तहत की गई।


बुधवार को प्रेस नोट के अनुसार, आरोपी दरोगा कृष्णपाल सिंह, जो उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात थे और एंटी पावर थेफ्ट थाना उसावां रोड बदायूं में कार्यरत थे, एक मामले में कार्रवाई न करने और जेल न भेजने के एवज में शिकायतकर्ता से 6,000 रुपये की मांग कर रहे थे। शिकायतकर्ता हैसराज (निवासी ग्राम नैथुआ, थाना अलापुर, बदायूं) ने इस संबंध में भ्रष्टाचार निवारण संगठन से शिकायत की थी। शिकायत की जांच के बाद टीम ने जाल बिछाया और बुधवार दोपहर करीब 12:28 बजे आरोपी दरोगा को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइंस, बदायूं में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

जनता कर सकती है शिकायत

इस कार्रवाई का नेतृत्व ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक रामलाल पाण्डेय ने किया। संगठन ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो उसकी शिकायत तुरंत संबंधित अधिकारियों या भ्रष्टाचार निवारण संगठन के हेल्पलाइन नंबर पर करें। संपर्क नंबर: 9454405475, 9454401653 कॉल कर सकते हैं। इस कार्रवाई से एक बार फिर स्पष्ट हो गया है कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाया जा रहा है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Exit mobile version