नया बदायूं

छात्र-छात्राओं ने स्तनपान के महत्व पर दिए जागरूकता संदेश

नया बदायूं, संवाददाता।

विश्व स्तनपान सप्ताह 2026 के अवसर पर राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूं के बाल रोग विभाग द्वारा पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रधानाचार्य डॉ. शिव कुमार के निर्देशन में आयोजित हुआ, जिसमें एमबीबीएस छात्र-छात्राओं एवं जूनियर रेजिडेंट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपने पोस्टरों के माध्यम से स्तनपान के महत्व, शिशु के समुचित विकास में मां के दूध की भूमिका तथा जागरूकता के संदेश को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का उद्देश्य चिकित्सा छात्रों के साथ-साथ आमजन में भी स्तनपान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. शिव प्रताप सिंह ने कहा कि जन्म के प्रथम घंटे के भीतर स्तनपान प्रारंभ करना और जीवन के पहले छह माह तक केवल मां का दूध देना शिशु के स्वस्थ विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि स्तनपान शिशु को संक्रमणों से सुरक्षा प्रदान करता है और उसके शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, साथ ही मातृ स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है।

पोस्टर से संदेश
कार्यक्रम में विभाग के चिकित्सकों एवं शिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों के पोस्टरों का अवलोकन एवं मूल्यांकन किया गया। विद्यार्थियों एवं जूनियर रेजिडेंट्स की सक्रिय भागीदारी से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रधानाचार्य डॉ. शिव कुमार ने आयोजन की सराहना करते हुए बाल रोग विभाग, चिकित्सकों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक संदेश प्रसारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Exit mobile version