नया बदायूं

बदायूं में अत्याधुनिक साइबर क्राइम थाने का उद्घाटन, ऑनलाइन अपराधों पर लगेगी लगाम

बदायूं, संवाददाता।

जिले में बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन धोखाधड़ी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चित्रांश नगर में नए अत्याधुनिक साइबर क्राइम पुलिस थाने का उद्घाटन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर थाने का शुभारंभ किया।

उद्घाटन के अवसर पर एसएसपी अंकिता शर्मा ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराध एक बड़ी चुनौती बनकर उभरा है। नए साइबर क्राइम थाने की स्थापना से साइबर अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने में मदद मिलेगी। साथ ही, आम नागरिकों को जागरूक कर उनके डिजिटल जीवन को सुरक्षित बनाने की दिशा में भी काम किया जाएगा।

आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञ टीम से लैस होगा थाना

नए साइबर क्राइम थाने में तकनीकी रूप से दक्ष पुलिसकर्मियों और साइबर विशेषज्ञों की तैनाती की गई है। यह टीम ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, डेटा चोरी और अन्य साइबर अपराधों से जुड़े मामलों की जांच करेगी।

थाने में आधुनिक फॉरेंसिक टूल्स, डेटा एनालिटिक्स सॉफ्टवेयर और उन्नत तकनीकी उपकरणों की मदद से जटिल साइबर अपराधों की जांच को गति देने का लक्ष्य रखा गया है। नागरिक सीधे थाने पहुंचकर साइबर अपराध से संबंधित अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे।

इसके अलावा, साइबर क्राइम थाना गृह मंत्रालय के राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल और हेल्पलाइन नंबर 1930 के समन्वय से साइबर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करने में सहयोग करेगा। साइबर ठगी का शिकार होने पर नागरिकों को तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने की सलाह दी जाती है।

पुलिस अधिकारी रहे मौजूद

उद्घाटन समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर सुमेध मिलिंद जाधव, प्रतिसार निरीक्षक रिजर्व पुलिस लाइन इंद्रजीत सिंह, साइबर क्राइम थाना प्रभारी विनोद कुमार वर्धन, सिविल लाइंस थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह, कोतवाली थाना प्रभारी माधो सिंह बिष्ट और महिला थाना प्रभारी ज्योति सिंह सहित साइबर क्राइम थाने के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Exit mobile version