नया बदायूं

नदवारी में ट्यूबवेल से स्टार्टर और केबल चोरी, किसान परेशान

 बदायूं संवाददाता।

थाना वजीरगंज क्षेत्र में ट्यूबवेलों से चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। चोरों ने गुरुवार रात गांव नदवारी में एक किसान के ट्यूबवेल की कोठरी का गेट तोड़कर स्टार्टर और केबल चोरी कर लिए। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के किसानों में चिंता बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, गांव नदवारी निवासी अखिलेश कुमार उर्फ अशोक कुमार के ट्यूबवेल को चोरों ने निशाना बनाया। गुरुवार रात चोर ट्यूबवेल की कोठरी का गेट तोड़कर अंदर घुस गए और वहां रखा स्टार्टर व केबल चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी होने पर पीड़ित किसान ने थाना पुलिस को तहरीर देकर चोरी हुए सामान की बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पहले भी ट्यूबवेलों को निशाना बना चुके हैं चोर

ग्रामीणों के मुताबिक, इससे पहले भी जंगल में स्थित ट्यूबवेलों से चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। लगातार हो रही वारदातों से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। ट्यूबवेलों से स्टार्टर और केबल चोरी होने के कारण सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका भी बनी रहती है।

किसानों ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।

Exit mobile version