नया बदायूं

सपा का फूटा गुस्सा: जंतर-मंतर लाठीचार्ज व अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में राष्ट्रपति को सौंपा ज्ञापन

नया बदायूं, संवाददाता। 

दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट परीक्षा को लेकर शांतिपूर्ण धरना दे रहे छात्र-छात्राओं पर दिल्ली पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज और कथित दुर्व्यवहार की घटना को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) में भारी आक्रोश व्याप्त है। इसी क्रम में विधानसभा बिसौली क्षेत्र के सपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन तहसील प्रशासन को सौंपा।

विधानसभा अध्यक्ष सुरेन्द्र पाल सिंह यादव (एडवोकेट) के नेतृत्व में सपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तहसील परिसर में एकत्रित हुए और धरने पर बैठकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए आरोप लगाया कि छात्रों के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया है।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही तहसीलदार व कोतवाल कमलेश मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन द्वारा समझाने-बुझाने के बाद धरना समाप्त किया गया और तत्पश्चात सपा नेताओं ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंप दिया।

ज्ञापन में उठाई गईं प्रमुख मांगें
सपा नेताओं ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें। जंतर-मंतर घटना में घायल छात्र-छात्राओं को समुचित चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाए। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की गिरफ्तारी की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। रामपुर स्थित शिक्षा संस्थान जौहर यूनिवर्सिटी के खिलाफ चल रही कार्रवाई को तत्काल प्रभाव से रोका जाए।
सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक देश में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज करना निंदनीय है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकारें विपक्ष की आवाज दबाने के लिए पुलिस का दुरुपयोग कर रही हैं।

ये रहे मौजूद पदाधिकारी व कार्यकर्ता
इस दौरान सूरज गिहार (सभासद), काजी शाहनवाज (नगर अध्यक्ष), भूपेंद्र दिवाकर (जिला पंचायत सदस्य), खजाना देवी (पूर्व ब्लॉक प्रमुख), रूपा यादव, जुगेन्द्र यादव (प्रधान), विनोद यादव (पूर्व जिला पंचायत प्रत्याशी), जेडी यादव, मोहित शर्मा, केपी सिंह, रंजीत सिंह, अमित मथुरिया, राजीव यादव, इशपाल यादव, रामवीर सिंह, जय प्रकाश, अमित चतुर्वेदी, सुरेन्द्र दिवाकर सहित दर्जनों सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Exit mobile version