नया बदायूं

वजीरगंज में चोरियों का सिलसिला जारी, स्कूल के किचन से गैस सिलेंडर समेत सामान चोरी

नया बदायूं, संवाददाता वजीरगंज।

थाना वजीरगंज क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। लगातार हो रही वारदातों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। मंगलवार रात चोरों ने नवावपुरा गांव स्थित संविलियन विद्यालय को निशाना बना लिया। चोर विद्यालय के किचन में रखा गैस सिलेंडर समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। इसके अलावा विद्यालय के कार्यालय का ताला भी तोड़ दिया गया।

बुधवार सुबह विद्यालय पहुंचने पर शिक्षकों को चोरी की जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया। विद्यालय परिसर में सामान बिखरा मिला और किचन तथा कार्यालय के ताले टूटे हुए थे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। ग्रामीणों और विद्यालय स्टाफ ने चोरी की घटना का जल्द खुलासा किए जाने की मांग की है।

एक दिन पहले तीन मंदिरों में चोरी
इससे एक दिन पहले सोमवार रात भी चोरों ने थाना क्षेत्र के निजामपुर, पिपरिया और नवावपुरा गांवों में स्थित मंदिरों को निशाना बनाया था। निजामपुर के शिव मंदिर से चोर घंटा और करीब 25 हजार रुपये की नकदी समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। इसके अलावा पिपरिया और नवावपुरा के मंदिरों से भी घंटे, दानपात्र में रखी नकदी, पंखे और अन्य सामान चोरी होने की बात सामने आई है। एक ही रात में तीन गांवों के मंदिरों में चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

4 घर में भी हो चुकी है चोरी
ग्रामीणों के मुताबिक शनिवार रात चोरों ने कुनार गांव स्थित पंचायत घर का ताला तोड़कर दो बैटरी, इन्वर्टर, डीवीआर, स्टार्टर समेत अन्य सामान चोरी कर लिया था। लगातार अलग-अलग स्थानों को निशाना बनाए जाने से ग्रामीण पुलिस गश्त पर सवाल उठा रहे हैं।

कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की जरूरत है। ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों से सभी घटनाओं की जांच कर चोरियों का जल्द खुलासा करने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि चोरी की घटनाओं की जांच की जा रही है और जल्द ही घटनाओं का खुलासा करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version