सालारपुर/बदायूं, संवाददाता।
कोतवाली सिविल लाइन क्षेत्र के एमएफ हाईवे स्थित पटेल चौक पर शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक साइकिल सवार वृद्ध की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
जानकारी के अनुसार, ओम प्रकाश सिंह (60 वर्ष) पुत्र तुससी सिंह, निवासी ग्राम दहेमी, शनिवार को अपनी साइकिल से पटेल चौक चौराहा पार कर रहे थे। इसी दौरान बिसौली की ओर से आ रहे तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि साइकिल ट्रक के नीचे आ गई और ओम प्रकाश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल वृद्ध को एंबुलेंस की सहायता से राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने पीछा कर चालक और ट्रक को पकड़ लिया तथा पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेते हुए मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
