नया बदायूं

बदायूं में सीएचसी सैदपुर की व्यवस्थाओं का विशेष सचिव ने लिया जायजा

वजीरगंज, (बदायूं) संवाददाता।

आकांक्षात्मक ब्लॉक वजीरगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सैदपुर का मंगलवार को विशेष सचिव एवं सदस्य (न्यायिक), राजस्व परिषद, उत्तर प्रदेश शासन लखनऊ ने निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ मरीजों से सीधे संवाद कर उपचार और सुविधाओं की जानकारी ली।

विशेष सचिव ने डिस्पेंसरी, इमरजेंसी कक्ष, डेंगू-मलेरिया वार्ड, ओपीडी, जेएसवाई प्रसव कक्ष और लेबर वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही दवाइयों और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली तथा मरीजों से अस्पताल की व्यवस्थाओं और उपचार को लेकर फीडबैक लिया।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था भी देखी गई। प्रसव कक्ष और लेबर वार्ड की साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं की विशेष सचिव ने सराहना की। उन्होंने उपलब्ध दवाइयों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि अस्पताल में उपलब्ध दवाइयों की सूची प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित की जाए, ताकि मरीजों को आसानी से जानकारी मिल सके।
उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विपिन वर्मा, आयुष चिकित्सक, बीपीएम नवेद, बीसीपीएम रूपकिशोर, फार्मासिस्ट, जेएसवाई स्टाफ नर्स मरियम, श्वेता, पूनम, तिवारी, अंजली, नाजिया, मधुलिका, वंदना त्रिपाठी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

Exit mobile version