बदायूं, संवाददाता।
दशहरा पर्व पर अखिल भारतीय युवा ब्राह्मण महासभा के तत्वावधान में राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं ब्राह्मण क्रांति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री पं. अमन मयंक शर्मा के नेतृत्व में रावण मंदिर में भगवान शिव और रावण की विशेष पूजा-अर्चना की गई। सुमित मिश्रा, सुमित शर्मा और शशिकांत रावत ने षोडशोपचार पूजन और मंत्र जाप किया। इसके बाद हवन, आरती और प्रसाद वितरण हुआ। पं. अमन मयंक शर्मा ने रावण रचित शिव तांडव स्तोत्र का पाठ किया।
पं. अमन मयंक शर्मा ने कहा कि रावण महान शिव भक्त और विद्वान थे। उनके ज्ञान, शिव भक्ति और अच्छाइयों से सीख लेनी चाहिए। उन्होंने ब्राह्मण समाज से एकजुट होकर जरूरतमंद समाज के लोगों की मदद करने का आह्वान किया।
गौरव पाठक और शशिकांत रावत ने शिव तांडव स्तोत्र की महिमा बताई। सुमित शर्मा, सुमित मिश्रा और नन्हे पाठक ने रावण की विद्वत्ता और शिव भक्ति से प्रेरणा लेने की बात कही। पूजा के बाद नेहरू चौक पर रावण की शोभायात्रा में पं. अमन मयंक शर्मा ने रामलीला में रावण का अभिनय करने वाले पं. परमानंद मिश्रा का तिलक कर, माला और पटका पहनाकर स्वागत किया तथा आरती की।
इस अवसर पर दक्ष सारस्वत, गीता शर्मा, रितेश उपाध्याय, अंजलि मिश्रा, वैदिक पाठक, काशी पाठक, अतुल शर्मा सहित दर्जनों शिव भक्त मौजूद रहे।
