नया बदायूं संवाददाता। सहसवान में सपा नेता व पूर्व विधायक मुसर्रत अली उर्फ हाजी बिट्टन के कार्यालय में कटीले तार में प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आने से बंदर की मौत के बाद पुलिस ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले की शिकायत पीपल फार एनिमल्स के जिलाध्यक्ष वीकेंद्र शर्मा ने सहसवान कोतवाली में की। पुलिस ने बंदर के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद जांच शुरू कर दी है।
इस्लामनगर निवासी व बसपा से विधायक रहे वर्ततान में सपा नेता हाजी बिट्टन ने सहसवान में शहबजापुर इलाके में पुराना सिनेमाघर खरीदा था। यहां चारहदीवार के ऊपर कटीले तार (ब्लेड वाले) लगाये गये। इन कटीले तार में करंट प्रभावित था। जिससे कोई भी जीव जन्तु वहां न आ सके। इस दौरान एक बंदर उसकी चपेट में आ गया, और उसकी मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बंदर की मौत के बाद बजरंग दल के नगर अध्यक्ष गौरव मौर्य ने इसकी जानकारी पशु प्रेमी विकेंद्र शर्मा को दी। विकेंद्र शर्मा की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत हो गया है। प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह ने बताया, जांच की जा रही है। इस मामले में पूर्व विधायक हाजी बिट्टन ने कहा, उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया, इसकी भी जानकारी नहीं। वे दिखवाते हैं क्या मामला है।
प्रतिबंधित ब्लेड वाले तारों में छोड़ा करंट
दर्ज मुकदमे में विकेंद्र ने कहा, पूर्व विधायक हाजी बिट्टन ने अपने कार्यालय की बिल्डिंग में सरकार द्वारा प्रतिबंधित किये गये ब्लेड वाले तारों को लगवाया। इसमें अवैध रूप से बिजली का करंट छोड़ दिया। जिसकी चपेट में आने से बंदर की तड़फतफड़कर मौत हो गई।
