नया बदायूं

रामपुर में सपा प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा ज्ञापन, जौहर विश्वविद्यालय के ध्वस्तीकरण पर रोक की मांग

लखनऊ/रामपुर। ब्यूरो कार्यालय
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय के नेतृत्व में सपा का एक प्रतिनिधिमंडल रामपुर पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने जिलााधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के प्रस्तावित ध्वस्तीकरण पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।

शिक्षा और छात्रों के भविष्य का मुद्दा
ज्ञापन में कहा गया कि यह विश्वविद्यालय हजारों गरीब, पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और वंचित वर्ग के छात्रों के लिए शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे में इसका ध्वस्तीकरण छात्रों के भविष्य के साथ अन्याय होगा। सपा ने स्पष्ट किया कि पार्टी शिक्षा, संविधान और छात्रहित की रक्षा के लिए हर लोकतांत्रिक संघर्ष में आगे रहेगी।

नेता प्रतिपक्ष का बयान
नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि विश्वविद्यालय की इमारत पर बुलडोजर चलाना देश के शैक्षिक ढांचे और शिक्षा के अधिकार की संवैधानिक भावना के खिलाफ है। उन्होंने इसे जनविरोधी कदम बताते हुए सरकार से तत्काल निर्णय वापस लेने की मांग की।

बड़ा प्रतिनिधिमंडल रहा शामिल
इस दौरान सपा के कई विधायक, पूर्व विधायक और पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल में नसीर अहमद खां, कमाल अख्तर, शाहिद मंजूर, अताउर्रहमान, नवाब जान, हाजी नासिर कुरैशी, फहीम इरफान, शहजिल इस्लाम अंसारी, रफीक अंसारी, अतुल प्रधान, पंकज मलिक, पिंकी सिंह, इकबाल महमूद, महबूब अली सहित कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी शामिल रहे।

सपा का रुख साफ
समाजवादी पार्टी ने कहा कि वह शिक्षा संस्थानों को बचाने और छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी और इस मुद्दे पर हर स्तर पर आवाज उठाएगी।

Exit mobile version