नया बदायूं, संवाददाता।
पुलिस लाइन सभागार में अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह ने जनपद के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के साथ बैठक कर सोशल मीडिया के सकारात्मक और जिम्मेदार उपयोग को लेकर संवाद किया।
एसपी सिटी ने कहा कि सोशल मीडिया जागरूकता और जनहितकारी संदेशों को व्यापक स्तर तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। इन्फ्लुएंसर्स अपने प्लेटफॉर्म के जरिए साइबर अपराध से बचाव, महिला एवं बाल सुरक्षा, यातायात नियम, सड़क सुरक्षा, नशे के दुष्प्रभाव और सामाजिक सद्भाव से संबंधित जानकारी लोगों तक पहुंचाएं।
उन्होंने साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए फर्जी लिंक, ओटीपी, बैंकिंग जानकारी और ऑनलाइन फ्रॉड से सतर्क रहने के लिए जागरूकता फैलाने की अपील की। साथ ही कहा कि किसी भी फोटो, वीडियो या सूचना को प्रसारित करने से पहले उसका तथ्य सत्यापन जरूर करें। अपुष्ट और भ्रामक जानकारी के प्रसार से बचें तथा संवेदनशील मामलों में पीड़ित की पहचान या निजी जानकारी सार्वजनिक न करें।
बैठक में पुलिस एवं जनता के बीच संवाद और सहयोग मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। इन्फ्लुएंसर्स से पुलिस के महिला एवं बाल सुरक्षा, यातायात, साइबर सुरक्षा और जनजागरूकता अभियानों को सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में सहयोग करने की अपील की गई। बैठक में वैष्णवी पटेल और लोकेश पटेल सहित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और संबंधित पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
