नया बदायूं

ककराला में गमगीन माहौल : हजरत गाजी मियां हुजूर की वालिदा का इंतकाल, पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने दी सांत्वना

नया बदायूं, संवाददाता।

ककराला स्थित प्रसिद्ध दरगाह सकलेनिया शराफतिमा के सायवे सज्जादा हजरत गाजी मियां हुजूर की वालिदा का 25 जुलाई 2026 को इंतकाल हो जाने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। उनके इंतकाल की खबर मिलते ही दूर-दराज़ से अकीदतमंद, सामाजिक कार्यकर्ता और राजनीतिक हस्तियां दरगाह शरीफ पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त करने लगे।

दरगाह परिसर में सुबह से ही गमगीन माहौल रहा, जहां मरहूमा की मगफिरत के लिए फातिहा और दुआ का सिलसिला लगातार जारी रहा। जायरीनों ने नम आंखों से मरहूमा को याद करते हुए अल्लाह से उनकी जन्नत में आला मुकाम की दुआ की।
इसी क्रम में पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ककराला पहुंचे और हजरत गाजी मियां हुजूर से मुलाकात कर गहरा दुख प्रकट किया। उन्होंने कहा कि यह क्षति अपूरणीय है और इस दुख की घड़ी में वह पूरी तरह परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने मरहूमा के लिए दुआ करते हुए कहा कि अल्लाह उन्हें जन्नतुल फिरदौस में जगह अता फरमाए और परिवार को सब्र-ए-जमील अता करे।
हजरत गाजी मियां हुजूर ने इस दौरान आबिद रज़ा सहित सभी आगंतुकों का शुक्रिया अदा किया और दुआओं से नवाजा। उन्होंने कहा कि लोगों का यह स्नेह और सहयोग उनके परिवार के लिए बड़ी तसल्ली का कारण है।
दरगाह पर दिनभर लोगों का तांता लगा रहा। स्थानीय लोगों के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने भी पहुंचकर शोक संवेदना प्रकट की और मरहूमा के लिए दुआ की। पूरे क्षेत्र में गम का माहौल देखा गया। इस मौके पर अली फरशोरी, अनवर खां, लालू, हर्षित यादव, जैगम, मनोज गुप्ता, नवाज़िश खां, डॉक्टर उजैर समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Exit mobile version