बदायूं, संवाददाता।
अलापुर थाना पुलिस, सर्विलांस सेल और स्वाट टीम ने चोरी की घटनाओं में संलिप्त गिरोह के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का तमंचा व कारतूस, करीब 250 लीटर ट्रांसफार्मर का तेल, तीन बैटरी, इन्वर्टर, स्टेबलाइजर, पीयूसी यंत्र, देशी शराब की एक पेटी, चार एंड्रॉयड मोबाइल और ब्रेजा कार बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, 27 अक्टूबर को ग्राम चौड़ेरा शिकारपुर मोड़ से विसारतनगर जाने वाले रास्ते पर चेकिंग के दौरान आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान नन्दराम निवासी भटोली, सचिन निवासी सराय पिपरिया, धर्मपाल निवासी चन्दोखा, धर्मपाल उर्फ गुड्डू निवासी भटोली, सूरज उर्फ सुनील कुमार निवासी झुगसा, सभी जनपद बदायूं, तथा अजयवीर सिंह निवासी कतका रमन, जनपद बरेली के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने संगठित गिरोह बनाकर जिले में चोरी की घटनाएं करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, बरामद सामान और ट्रांसफार्मर का तेल चोरी का है। मामले में थाना अलापुर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ पहले से भी विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। कार्रवाई थानाध्यक्ष सनी चौधरी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक राजू राणा, अंकुश कुमार तथा सर्विलांस सेल और स्वाट टीम ने की।
