नया बदायूं

शिवपाल यादव की आजम खान से जेल में मुलाकात, यूपी की सियासत तेज

नया बदायूं, संवाददाता। लखनऊ ब्यूरो

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव गुरुवार को रामपुर पहुंचे, जहां उन्होंने जेल में बंद पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खां से करीब एक घंटे तक मुलाकात की। शिवपाल और आजम खां की इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

जेल में मुलाकात के बाद शिवपाल सिंह यादव आजम खां के आवास पहुंचे और उनकी पत्नी एवं पूर्व सांसद तंजीम फात्मा से मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच राजनीतिक मुद्दों को लेकर भी चर्चा हुई। शिवपाल सिंह यादव के साथ पूर्व मंत्री आबिद रजा भी मौजूद रहे।

विधानसभा चुनाव की तैयारी 
तंजीम फात्मा से मुलाकात के बाद शिवपाल यादव समाजवादी पार्टी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने और अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।

शिवपाल ने की बैठक
इसके बाद शिवपाल यादव जौहर यूनिवर्सिटी पहुंचे। यहां उन्होंने विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर और प्रोफेसरों के साथ बैठक कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में छात्रों को भी संबोधित किया।

एक घन्टे की मुलाकात
रामपुर में शिवपाल यादव का पहुंचना, जेल में आजम खां से करीब एक घंटे की मुलाकात और इसके बाद तंजीम फात्मा, सपा कार्यकर्ताओं तथा जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े लोगों से मुलाकात को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषक इस घटनाक्रम को 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देख रहे हैं।

Exit mobile version