नया बदायूं, संवाददाता। राज्य ब्यूरो
उत्तर प्रदेश के जनपद बदायूं के युवा कवि षट्वदन शंखधार एक बार फिर अपने शहर का नाम रोशन करते नजर आएंगे। उनकी काव्य प्रतिभा का प्रसारण आज शाम 7:30 बजे दूरदर्शन लखनऊ से किया जाएगा, जिसमें वे काव्य पाठ करते दिखाई देंगे।
षट्वदन शंखधार की कविता यात्रा काफी लंबी और संघर्षपूर्ण रही है। उन्होंने अपने सफर की शुरुआत कवि सम्मेलनों से की थी और आज वे आकाशवाणी रामपुर तथा दूरदर्शन लखनऊ जैसे प्रतिष्ठित मंचों तक अपनी पहचान बना चुके हैं।
हाल ही में दूरदर्शन लखनऊ में आयोजित काव्य पाठ कार्यक्रम में बदायूं से षट्वदन शंखधार, प्रयागराज से कुमार विकास, लखनऊ से सरिता कटियार और डॉ. रहिप्रकाश श्रीवास्तव ने अपनी कविताओं की प्रस्तुति दी थी। कार्यक्रम का संचालन प्रसिद्ध कवि सर्वेश अस्थाना ने किया, जबकि प्रस्तुति दूरदर्शन केंद्र के प्रोड्यूसर राम शब्द बेनूर द्वारा की गई।
अब यह पूरा कार्यक्रम आज शाम दूरदर्शन लखनऊ से प्रसारित किया जाएगा, जिसकी जानकारी दूरदर्शन द्वारा जारी की गई है।
षट्वदन शंखधार को विभिन्न मंचों पर कई सम्मान और पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं। वर्तमान में वे युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बने हुए हैं। उनकी इस उपलब्धि पर बदायूं के साहित्यकारों और गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
