बदायूं, संवाददाता।Nayabadaun
जिले में 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान शुरू होगा। प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर 17 सितंबर को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए शाम सात बजे जिलेभर में पांच लाख से अधिक दीये प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। निर्मित परियोजनाओं, कछला व अटेना गंगा घाट, प्रमुख मंदिरों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, चिकित्सालयों, 1037 ग्राम पंचायतों और 21 नगर पालिका-नगर पंचायतों में भी दीप जलाए जाएंगे।
रविवार को कलेक्ट्रेट के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में प्रभारी मंत्री डॉ. अरुण कुमार की अध्यक्षता में अभियान की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। उन्होंने सभी कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
यह हैं लाभार्थी
अभियान के तहत किसान सम्मान निधि के 4,10,928, विधवा पेंशन के 66,605, वृद्धावस्था पेंशन के 76,444, दिव्यांग पेंशन के 20,388 और प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण के 44,766 लाभार्थियों के घरों में दीप प्रज्ज्वलित होंगे। वहीं 297 दिव्यांग लाभार्थियों को सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे।
17 से 22 तक रक्तदान शिविर
17 से 22 सितंबर तक अलग-अलग स्थानों पर रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। साथ ही विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत 500 टूलकिट वितरित होंगी। 17 सितंबर से 10 अक्टूबर तक विद्यालयों, विकासखंडों और जिला मुख्यालय पर चित्रकला, भाषण व वाद-विवाद प्रतियोगिताएं भी होंगी।
यह होंगे कार्यक्रम
अभियान के दौरान नमो सेवा, आंगन मिलन सेवा, सेवा ज्योति कलश यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, सुशासन सेवा संवाद, ग्राम चौपाल और सीधा संवाद सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
यह रहे मौजूद
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, विधायक राजीव कुमार सिंह, महेश चंद्र गुप्ता, हरीश शाक्य, एमएलसी प्रतिनिधि शारदेंदु पाठक सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। डीएम अवनीश राय ने अभियान की तैयारियों और कार्यक्रमों की जानकारी दी।
