नया बदायूं

स्काउटिंग युवाओं में जगाती है देशभक्ति की भावना : संजीव

बदायूं, संवाददाता।

राजाराम महिला इंटर कॉलेज में तीन दिवसीय स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर में गाइड्स को प्राकृतिक आपदाओं से निपटने, सीमित संसाधनों में सुव्यवस्थित जीवन जीने तथा समाजसेवा की मूल तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही बालिकाओं को जल, जंगल और जमीन जैसी प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण का संकल्प दिलाया गया।
प्रधानाचार्या डा. अनीता कुमारी ने स्काउट ध्वज फहराकर शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि बालिकाओं में अपार ऊर्जा और क्षमता होती है। इस शक्ति और सामर्थ्य को सृजनात्मक कार्यों तथा राष्ट्र निर्माण में लगाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग अनुशासन, सेवा और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करती है।
जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि स्काउटिंग युवाओं में देशभक्ति, सामाजिक उत्तरदायित्व और सेवा भाव की भावना विकसित करती है। वर्तमान समय में नई पीढ़ी को प्राकृतिक आपदाओं, आकस्मिक परिस्थितियों और सामाजिक चुनौतियों से निपटने के लिए सक्षम बनाना जरूरी है। स्काउटिंग बच्चों को हर परिस्थिति में शांत, संयमित और सशक्त रहने की सीख देती है।
गाइड कैप्टन पुष्पा दिवाकर और रचना सक्सेना ने टोलियों का गठन कर प्रतिभागियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी। उन्होंने अनुशासन और टोली संचालन से संबंधित आवश्यक निर्देश दिए। इस मौके पर अंजुम सहर, ज्योति सागर, सुलेखा सिंह, नाजनीन बेगम, श्रद्धा शर्मा, चित्रा कुमारी, सरफराज अहमद आदि मौजूद रहे।

Exit mobile version