नया बदायूं, संवाददाता।
जनपद में किशोरियों और युवतियों के स्वास्थ्य संरक्षण को लेकर चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत पार्वती कन्या इंटर कॉलेज में एक विशेष ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. विकास शर्मा ने छात्राओं एवं विद्यालय स्टाफ को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. शर्मा ने कहा कि भारत में सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में से एक है, जिससे हर वर्ष बड़ी संख्या में महिलाओं की मृत्यु हो जाती है। उन्होंने बताया कि एचपीवी संक्रमण इस कैंसर का मुख्य कारण है, जिसे समय पर टीकाकरण के माध्यम से काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार व समाज में भी टीकाकरण के प्रति जागरूकता फैलाएं।
उन्होंने यह भी बताया कि सरकार द्वारा चलाए जा रहे टीकाकरण कार्यक्रमों का उद्देश्य किशोरियों को इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित करना है, जिससे भविष्य में स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सके। कार्यक्रम में छात्राओं को स्वास्थ्य, स्वच्छता और नियमित जांच के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई। इस अवसर पर सीओ सिटी एवं उनकी टीम भी मौजूद रही, जिन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से नोडल एनयूएचएम डॉ. मोहम्मद तहसीन, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी (डीआईओ) डॉ. मोहम्मद असलम, एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. कौशल गुप्ता तथा अर्बन हेल्थ कोऑर्डिनेटर उमेश राठौर भी उपस्थित रहे। सभी विशेषज्ञों ने छात्राओं के प्रश्नों का उत्तर देते हुए टीकाकरण से जुड़ी भ्रांतियों को दूर किया। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित टीकाकरण कराने और समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
