नया बदायूं, संवाददाता।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष सरदार गुरप्रीत सिंह के बदायूं आगमन पर जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट मोहम्मद शीराज़ आलम के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका शॉल ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत किया। इसके बाद दरगाह छोटे सरकार के प्रांगण में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सरदार गुरप्रीत सिंह ने कहा कि भाजपा की विचारधारा सभी वर्गों और समुदायों को साथ लेकर चलने की है। उन्होंने कहा कि भाजपा “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र पर कार्य कर रही है। पार्टी किसी एक जाति या धर्म तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे समाज का प्रतिनिधित्व करने वाली पार्टी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के क्षेत्रीय महामंत्री अकलीम अहमद मालिक ने कहा कि भाजपा विकास और सुशासन की राजनीति में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया गया है और पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रहा है। कार्यक्रम के दौरान पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया तथा लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की गई। इस अवसर पर रज़िया अब्बासी, अज़मत अली, सलीम खान, रेनू सिंह, अनस, फय्याज सहित भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
