बदायूं, संवाददाता।
शहर में नगर पालिका की सफाई व्यवस्था बदहाल होने और विकास कार्यों में सरकारी धन के उपयोग को लेकर सवाल उठाए गए हैं। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं, नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है और कई सड़कें टूटी पड़ी हैं। इसको लेकर सर्राफ व्यवसायी हरि कृष्णा वर्मा ने कमिश्नर से लेकर जिलाधिकारी और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी तक शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
हरि कृष्णा वर्मा ने आरोप लगाया कि नगर पालिका द्वारा शहर में फैंसी लाइटें लगवाने पर सरकारी धन खर्च किया जा रहा है, जबकि टूटी सड़कों की मरम्मत और सफाई व्यवस्था सुधारने जैसे जरूरी कार्यों की अनदेखी हो रही है। उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था चौपट है और नालियों का पानी सड़कों पर आने से लोगों को परेशानी हो रही है। ऐसे में सरकारी धन का उचित उपयोग करने के बजाय उसका दुरुपयोग किया जा रहा है।
उन्होंने शहर में बनाए जा रहे नालों के निर्माण में भी अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि नालों के निर्माण की गुणवत्ता और खर्च किए गए सरकारी धन की जांच होनी चाहिए। यदि जांच में अनियमितताएं सामने आती हैं तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर सरकारी धन की रिकवरी कराई जाए।
सर्राफ व्यवसायी ने जिलाधिकारी से मामले का तत्काल संज्ञान लेकर सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने, टूटी सड़कों की मरम्मत कराने और नालों के निर्माण की जांच कराने की मांग की है। अब देखना होगा कि शिकायत पर नगर पालिका प्रशासन और जिला प्रशासन क्या कार्रवाई करते हैं।
