नया बदायूं, संवाददाता।
संत शिरोमणि श्रीगुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा संचालित समरसता संकल्प अभियान के तहत पावन कलश वंदन यात्रा निरंतर जारी है। इसी क्रम में सोमवार को यह यात्रा बिसौली ग्रामीण मंडल पहुंची, जहां वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर स्थित संत रविदास महाराज की पावन जन्मस्थली से लाई गई पवित्र माटी से युक्त कलश का श्रद्धापूर्वक वंदन किया गया।
यात्रा का मंडल के विभिन्न मंदिरों पर पुष्प वर्षा, ढोल-नगाड़ों और जयघोष के साथ भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान संत रविदास महाराज के जीवन, उनके समरसता के संदेश और सामाजिक समानता के विचारों को जन-जन तक पहुंचाया गया। यात्रा मंदिरों के साथ-साथ दलित बस्तियों में भी पहुंची, जहां स्थानीय लोगों ने श्रद्धाभाव से कलश वंदन कर सामाजिक सद्भाव का संकल्प लिया।
पावन कलश वंदन यात्रा प्रातः 10:00 बजे प्राचीन शिव मंदिर हथसा पहुंची। इसके बाद शिव मंदिर पनौड़ी, देवी मंदिर अतरपुरा, कालसेन बाबा मंदिर रहेड़ी एवं देवस्थान ढके वाले महाराज में श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजन-अर्चन कर कलश का वंदन किया।
इस अवसर पर वजीरगंज ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि कुंवर शिवम प्रताप सिंह ने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज ने अपने जीवन से समाज को समानता, सद्भाव और मानव सेवा का संदेश दिया। उनके आदर्शों पर चलकर ही एक समरस और सशक्त भारत का निर्माण संभव है।
वहीं ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अमित पाठक ने कहा कि समरसता संकल्प अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग को जोड़ने वाला जनआंदोलन है। संत रविदास महाराज के विचार आज भी प्रासंगिक हैं और उन्हें जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
यात्रा में पूर्व जिला उपाध्यक्ष दुर्गेश वार्ष्णेय, जिला उपाध्यक्ष संदीप चौहान, मंडल अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह सहित सनवीर पाल, सुमित सिंह, शैलेंश शर्मा, विनोद पराशर, आशीष सिंह, अम्बुज सिंह, सोहित सिंह एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय नागरिक और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
