नया बदायूं, संवाददाता।
तहसील सदर में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम अवनीश राय एवं एसएसपी अंकिता शर्मा ने अधिकारियों के साथ आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को समयबद्ध व निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी अवनीश राय ने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक फरियादी को न्याय दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब कतई स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस आमजन की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान का महत्वपूर्ण मंच है। सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्राप्त शिकायतों का स्थलीय सत्यापन कर निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें तथा अनुपालन आख्या समय से प्रस्तुत करें।
समाधान दिवस में कुल 41 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें राजस्व विभाग की 24, पूर्ति विभाग की 03, विद्युत विभाग की 04, पुलिस विभाग की 06 तथा अन्य विभागों की 04 शिकायतें शामिल रहीं। इनमें से 05 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई हेतु सौंपा गया।
प्राप्त शिकायतों में मुख्य रूप से भूमि की पैमाइश, चकरोड से अवैध कब्जा हटवाने सहित अन्य राजस्व संबंधी प्रकरण शामिल रहे। जिलाधिकारी ने भूमि विवादों के मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
