नई दिल्ली (एजेंसी)।
अमेरिका ने ईरान के 3 परमाणु ठिकानों पर शनिवार की देर रात B-2 बॉम्बर से हमले किए। अमेरिका का दावा है कि उसने फोर्डो, नतांज और इस्फहान में मौजूद न्यूक्लियर साइट तबाह कर दी है, लेकिन ईरान ने कहा कि उसे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है।
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि वह सोमवार को मॉस्को में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से मुलाकात करेंगे। उधर रूस के पूर्व राष्ट्रपति और रूसी सुरक्षा परिषद के उपाध्यक्ष दिमित्री मेदवेदेव ने दावा किया कि कई देश ईरान को सीधे अपने परमाणु हथियार देने के लिए तैयार हैं।
पुतिन ने मिलेंगे ईरान के विदेश मंत्री
वहीं ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची इस्लामिक सहयोग संगठन के शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए इस्तांबुल में मौजूद हैं। अमेरिकी हमले के बाद उन्होंने कहा कि मैं आज दोपहर मॉस्को के लिए निकल रहा हूं और कल सोमवार की सुबह पुतिन से मुलाकात करूंगा।
अलग-थलग पड़े
वैश्विक मंच पर अलग-थलग पड़े ईरान के मंत्री अराघची ने कहा कि रूस ईरान का दोस्त है और हम एक-दूसरे से हमेशा सलाह लेते हैं। पुतिन के साथ कल एक महत्वपूर्ण सलाह लेने के लिए मॉस्को जा रहा हूं। उन्होंने अमेरिकी हमलों को इंटरनेशनल कानून का घोर उल्लंघन बताया।
