बदायूं संवाददाता।
बदायूं में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए बुधवार को RTM सोसाइटी फॉर सोशल डेवलपमेंट की ओर से सड़क सुरक्षा महाअभियान की शुरुआत की गई। अभियान का शुभारंभ शहर विधायक एवं पूर्व मंत्री महेश चंद्र गुप्ता ने किया।
इस दौरान सोसाइटी की डायरेक्टर रिदा खान ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की। अभियान के तहत वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने के लिए जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम में संदेश दिया गया कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों की जिंदगी सुरक्षित रखने का संकल्प है। RTM सोसाइटी ने नागरिकों से अभियान में सहयोग कर बदायूं को सुरक्षित बनाने की अपील की।
इस दौरान मुशीर अली, अंश कुर्मी (यूट्यूबर), एडवोकेट अहमदुल्ला, लोकेश पटेल (यूट्यूबर), आजम, नसीम, सैम, मारिफ और अबीर सहित संस्था के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
