नया बदायूं, संवाददाता।
जिले में कानून-व्यवस्था को हर हाल में नियंत्रण व बेहतर रखने के लिए पुलिस लाइन मैदान में दंगा नियंत्रण ड्रिल आयोजित की गई। एसएसपी अंकिता शर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने उग्र भीड़ से निपटने, हालात काबू करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के तरीकों का सजीव अभ्यास कर अपनी तैयारियों को परखा।
पुलिस लाइन में कराया गया मॉकड्रिल
शुक्रवार को पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में दंगा नियंत्रण (बलवा) मॉक ड्रिल का आयोजन हुआ, जिसमें वास्तविक हालात जैसा दृश्य तैयार कर पुलिस की कार्यकुशलता का परीक्षण किया गया। एसएसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन में पुलिसकर्मियों ने दंगाइयों और पुलिस की भूमिका निभाते हुए उग्र भीड़ को नियंत्रित करने की पूरी प्रक्रिया का अभ्यास किया। शुरुआत में प्रदर्शनकारियों को समझाने और चेतावनी देने के तरीके अपनाए गए, लेकिन भीड़ के उग्र होने पर पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए हल्का बल प्रयोग किया। पथराव की स्थिति में बचाव, आंसू गैस के गोले दागना, रबर बुलेट और वाटर कैनन का इस्तेमाल कर भीड़ को तितर-बितर करने का प्रभावी प्रदर्शन किया गया।
दंगा के बाद घायलों को पहुंचाये अस्पताल
पुलिस लाइन में ड्रिल के दौरान उपद्रवियों को काबू में करने, घायलों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाने और हालात को तेजी से सामान्य करने की रणनीति पर विशेष जोर दिया गया। एसएसपी अंकिता शर्मा ने पूरे अभ्यास का निरीक्षण कर पुलिस बल की तत्परता, अनुशासन और समन्वय की सराहना की। इस मौके पर सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय, सीओ उझानी/कार्यालय सुनील कुमार सिंह, सीओ दातागंज राहुल पाण्डेय, सीओ सहसवान अशोक कुमार सिंह, सीओ बिल्सी केके तिवारी, सीओ बिसौली संजीव कुमार, प्रतिसार निरीक्षक इन्द्रजीत सिंह सहित सभी थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी, अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और रिक्रूट आरक्षी मौजूद रहे।

Discussion about this post