बदायूं, संवाददाता।
मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में पीएम सूर्यघर योजना की प्रगति की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विद्युत विभाग के स्तर पर लंबित निरीक्षणों की समीक्षा की गई।
समीक्षा में विद्युत वितरण खंड प्रथम बदायूं में 80, द्वितीय में 27, तृतीय में 10 और चतुर्थ में 14 निरीक्षण लंबित पाए गए। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का तत्काल निस्तारण कर लंबित निरीक्षण शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। सीडीओ ने यूपीनेडा के परियोजना अधिकारी प्रणव कुमार पाठक से बाबू जी कल्याण सिंह ग्राम उन्नति योजना और पंडित दीनदयाल उपाध्याय सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के प्रस्तावों की जानकारी ली। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से समन्वय कर प्रस्ताव प्राप्त करने और जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को भेजने के निर्देश दिए।
उन्होंने पीएम सूर्यघर योजना का अधिक से अधिक लाभ पात्र विद्युत उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए विकासखंड, तहसील और ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर, स्टॉल व प्रचार-प्रसार केंद्र लगाकर जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। साथ ही विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Discussion about this post