नया बदायूं, संवाददाता।
नसीम फाउंडेशन के अक़रम सैयद और नवेद सैयद ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) की कुलपति नईमा खातून से शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर एएमयू के रजिस्ट्रार प्रोफेसर आसिम ज़फ़र एवं डॉ. अहमद मुज्तबा सिद्दीकी भी मौजूद रहे। मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई, जिसमें फाउंडेशन की गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
बुधवार को मुलाकात के दौरान नसीम फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने कुलपति को संस्था के उद्देश्य, कार्यों और अब तक की उपलब्धियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन शिक्षा, सांस्कृतिक विकास और समाज के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि नसीम फाउंडेशन एएमयू के छात्रों के शैक्षणिक और सांस्कृतिक विकास में हमेशा सहयोग प्रदान करेगा। इसके अतिरिक्त प्रतिनिधिमंडल ने एएमयू के सेंटर फॉर प्रमोशनल एजुकेशन, कल्चरल एडवांसमेंट्स ऑफ मुस्लिम्स ऑफ इंडिया का भी दौरा किया। वहां उन्होंने केंद्र की गतिविधियों का अवलोकन किया और उसके कार्यों की सराहना की। इस दौरान (CEPECAMI) के सहायक निदेशक डॉ. अहमद मुज्तबा सिद्दीकी से भी मुलाकात की गई, जिसमें शिक्षा और सांस्कृतिक क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई। अंत में उम्मीद जताई गई कि नसीम फाउंडेशन और AMU भविष्य में मिलकर मुस्लिम प्रतिभाशाली छात्रों, बच्चों और सांस्कृतिक विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य करेंगे तथा समाज के उत्थान में अपना योगदान देंगे।
