नया बदायूं

सहसवान में दबंगों का कहर, महिला की दुकान पर कब्जा, जान से मारने की धमकी

नया बदायूं, संवाददाता।

जनपद के सहसवान तहसील क्षेत्र में एक गरीब महिला की आजीविका पर दबंगों द्वारा कब्जा करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।

मिली जानकारी के अनुसार, नीतू पत्नी श्रवण कुमार, निवासी ग्राम परसोना, ब्लॉक व तहसील सहसवान, जिला बदायूं की रहने वाली हैं। पीड़िता के अनुसार, वर्ष 1987 में हरिजन समाज कल्याण विभाग द्वारा ग्राम परसोना में निर्मित दुकानों में से दुकान संख्या-5 उनके ससुर शिशुपाल पुत्र पीतम के नाम आवंटित की गई थी। इसी दुकान से उनका परिवार वर्षों तक अपना भरण-पोषण करता रहा।
पीड़िता का आरोप है कि ससुर शिशुपाल की मृत्यु के बाद अजय पाल पुत्र हुलासी, निवासी ग्राम आनन्दी आलम, जो पहले परिचित था, उक्त दुकान पर बैठने लगा। जब पीड़िता ने दुकान खाली करने को कहा तो उसने कुछ समय की मोहलत मांगकर मामला टाल दिया। इसके बाद वह लगातार बहाने बनाकर दुकान खाली करने से इनकार करता रहा।
नीतू का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में कई बार स्थानीय अधिकारियों एवं उच्चाधिकारियों को शिकायती प्रार्थना पत्र दिए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि अजय पाल न केवल दुकान खाली नहीं कर रहा, बल्कि विरोध करने पर गाली-गलौज करता है और मारपीट पर उतारू हो जाता है। साथ ही दुकान खाली कराने की बात करने पर जान से मारने की धमकी भी देता है।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि अजय पाल ने उनकी दुकान पर अवैध कब्जा कर लिया है, जबकि यही दुकान उनके परिवार की आजीविका का एकमात्र साधन है। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण वह काफी परेशान हैं और न्याय की मांग कर रही हैं। पीड़िता ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर दुकान का कब्जा दिलाने और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Exit mobile version