नया बदायूं

बदायूं जनपद सहित मेला ककोड़ा में बच्चों को पिलाई गई पल्स पोलियो की खुराक

 

बदायूं संवाददाता।

शासन के निर्देश पर रविवार 22 नवंबर 2026 को जनपदभर में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान चलाया गया। इसके तहत 2345 स्थानों पर बूथ लगाकर शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। अभियान में छह लाख से अधिक बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया था, जिसके सापेक्ष दिनभर में करीब 3 लाख 11 हजार बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई।

बदायूं शहर में एसडीएम सदर साईं आश्रित शाखमुरी ने जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. मोहम्मद असलम के साथ बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। वहीं बिसौली में पोलियो बूथ का उद्घाटन नगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र म्याऊं पर भी राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत बूथ दिवस आयोजित किया गया। यहां भाजपा मंडल उपाध्यक्ष एवं जिला प्रतिनिधि पंकज पाठक को चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामस्वामी और चीफ फार्मासिस्ट होशियार मियां ने पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। इसके बाद पंकज पाठक ने बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर बूथ का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर डॉ. रामस्वामी, होशियार मियां, बृजेश राठौर, संजीव पटेल, रमाकांत, भूदेव, नरेंद्र और मनजीत उपस्थित रहे।

वहीं गंगा की कटरी में आयोजित रुहेलखंड के मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में भी पल्स पोलियो अभियान चलाया गया। यहां गंगा घाट से लेकर मेले में लगे तंबुओं तक स्वास्थ्यकर्मियों ने पहुंचकर पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई, ताकि मेले में आए परिवारों का कोई भी बच्चा दवा पीने से वंचित न रहे।

जनपद के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। अभियान का उद्देश्य पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक उपलब्ध कराना और पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखना रहा।

Exit mobile version