नया बदायूं, संवाददाता।
पिछले तीन दिनों से आधा बदायूं शहर बिजली संकट की समस्या से जूझ रहा है। बिजली संकट के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है और लोगों के सामने काफी परेशानियां हो रही है सबसे बड़ी परेशानी गर्मी में बिजली न आने से पानी न मिलाना और कूलर पंखा आदि ना चलना है। शिकायत के बाद भी अधिकारी लगातार लापरवाही और मनमानी कर रहे हैं इस समस्या से जूझ रहे लोगो का सोमवार की आधी रात को गुस्सा फूट गया और मुरादाबाद फर्रुखाबाद हाईवे पर बदायूं शहर में कल्याण नगर लोची नगला चौराहा और शाहबाजपुर चौराहा पर जाम लगा दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया पुलिस ने जैसे तैसे जाम को खुलवाया है और जनता को जल्द से जल्द बिजली सप्लाई दिलाने का आश्वासन दिया है। जनता के लोगों ने कहा है कि अगर बिजली की समस्या का निस्तारण नहीं हुआ तो अब आंदोलन किया जाएगा।
बदायूं शहर एवं आसपास इलाका इन दोनों बिजली के संकट से जूझ रहा है। भीषण गर्मी और लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान शहर के शाहबाजपुर चौराहा और कल्याण नगर क्षेत्र के लोगों का सब्र आखिरकार जवाब दे गया। सोमवार देर शाम सैकड़ों की संख्या में महिलाएं, पुरुष और युवा सड़क पर उतर आए और शाहबाजपुर चौराहे पर जाम लगाकर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के चलते शाहबाजपुर चौराहे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। जाम में बसें, एंबुलेंस समेत छोटे-बड़े वाहन भी फंस गए, जिससे राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि कई दिनों से क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती की जा रही है। भीषण गर्मी के कारण लोग रातभर जागने को मजबूर हैं। बिजली न आने से पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है और बच्चों, बुजुर्गों व मरीजों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर उन्हें शांत कराया। काफी समझाने-बुझाने के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नियमित और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। एसडीओ पनबड़िया सुमित साहू का कहना है कि कई जगह निर्माण कार्य चल रहा है और कई जगह लाइन क्षतिग्रस्त है उनका मरम्मत कर कराया जा रहा है इसलिए बिजली की सप्लाई आने में दिक्कत थी अब जल्द से जल्द सप्लाई दे दी जाएगी।
