बदायूं, संवाददाता।
उत्तर प्रदेश महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता संविदा संघ की जिलाध्यक्ष प्रीति सिंह और जिला महामंत्री प्रीति मिश्रा ने बताया कि विभिन्न मांगों को लेकर लखनऊ में चल रहा धरना-प्रदर्शन 21 अक्टूबर को वार्ता के बाद समाप्त हो गया है। इसके बाद जनपद बदायूं की सभी संविदा एएनएम 22 अक्टूबर से अपने निर्धारित कार्यस्थलों पर उपस्थित होकर विभागीय दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता 21 सितंबर से 21 अक्टूबर 2026 तक लखनऊ में आयोजित धरना-प्रदर्शन में शामिल होने के कारण अपने कार्यस्थलों पर उपस्थित नहीं हो सकीं। 21 अक्टूबर को एनएचएम के प्रबंध निदेशक के साथ वार्ता के बाद आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया गया।
जिलाध्यक्ष प्रीति सिंह और जिला महामंत्री प्रीति मिश्रा ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से धरना अवधि के मानदेय का भुगतान कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। इस संबंध में संघ की ओर से मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पत्र भी सौंपा गया है।

Discussion about this post