नया बदायूं, संवाददाता।
बदायूं शहर नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक सोमवार को पालिका सभागार में आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष फात्मा रजा ने की। बैठक विधिवत प्रारंभ हुई और एजेंडे में शामिल विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं और पालिका संपत्तियों से जुड़े कई अहम प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए, जिन पर विचार-विमर्श के बाद सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। बैठक में शासन द्वारा नामित पांच सभासदों सहित कुल 28 सदस्यों की उपस्थिति रही, जिससे निर्णय प्रक्रिया में व्यापक सहभागिता सुनिश्चित हुई।
प्रसिद्ध गीतकार शकील बदायूंनी पार्क का होगा जीर्णोंद्धार
सोमवार को नगर पालिका बैठक में सबसे प्रमुख प्रस्तावों में शहर के सौंदर्यीकरण और खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने से जुड़े कार्य शामिल रहे। बोर्ड ने प्रसिद्ध गीतकार शकील बदायूंनी पार्क के जीर्णोद्धार का प्रस्ताव पारित किया। इसके साथ ही घण्टाघर क्षेत्र में पार्किंग में बैडमिंटन कोर्ट बनाने की योजना को भी मंजूरी दी गई, जिससे शहर के युवाओं को खेल के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। वहीं नेकपुर स्थित डॉ. आंबेडकर पार्क में फर्श निर्माण कार्य कराने का प्रस्ताव भी पास किया गया, जिससे पार्क की स्थिति में सुधार होगा और आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
बोर्ड के निर्णयों से शहर का होगा विकास
बैठक के दुकानों के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। इस दौरान सभी प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार किया गया और सदस्यों ने अपने-अपने सुझाव भी रखे। अंत में सभी प्रस्तावों पर मोहर लगा दी गई। जिससे यह स्पष्ट हुआ कि नगर के विकास और नागरिकों की समस्याओं के समाधान के प्रति बोर्ड पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस बैठक के निर्णयों से जहां एक ओर शहर में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा, वहीं दूसरी ओर पालिका संपत्तियों से जुड़े लंबित मामलों का भी समाधान संभव हो सकेगा। विशेष रूप से पार्क निर्माण, खेल सुविधाओं का विकास और क्षतिग्रस्त दुकानों के पुनर्निर्माण जैसे फैसले स्थानीय नागरिकों के लिए राहत और सुविधाएं बढ़ाने वाले साबित होंगे। नगर पालिका अध्यक्ष फात्मा रजा ने बैठक के अंत में सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बोर्ड द्वारा लिए गए निर्णयों को जल्द से जल्द धरातल पर उतारा जाएगा, ताकि आम जनता को इसका सीधा लाभ मिल सके।
