नया बदायूं

गंगा स्नान को तैयारियां पूर्ण, डीएम-एसएसपी ने परखीं व्यवस्थाएं

नया बदायूं, संवाददाता।
30 मई को पूर्णिमां के पर्व पर गंगा स्नान किया जायेगा। पिछले प‌र्वों पर गंगा स्नान के दौरान लोगों की डूबकर मौत हो चुकी है। इसको लेकर डीएम-एसएसपी सख्त हो गए हैं। डीएम-एसएसपी गंगा घाट पर जाकर व्यवस्थाओं को देखा है और कार्रवाई को आ‌वश्यक दिशा निर्देश दिये हैं। वहीं मजिस्ट्रेट अफसरों की तैनाती के अलावा सुरक्षा व्यवस्था के तमाम इंतजाम किये हैं।

शुक्रवार को डीएम अवनीश राय ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जनपद के विभिन्न स्नान घाटों का निरीक्षण कर वहां स्थाई व्यवस्था कराने तथा आगामी मुख्य स्नानों पर विभिन्न व्यवस्थाओं के संबंध में दौरा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न घाटों के निरीक्षण के दौरान स्थाई रूप से पीए सिस्टम, बैरिकेडिंग, प्रकाश व सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए। सभी स्नान शासन की मंशा के अनुरूप संपन्न हो। डीएम के निरीक्षण के दौरान एसएसपी अंकिता शर्मा, एसपी सिटी अभिषेक कुमार, एसडीएम सदर मोहित कुमार सिंह सहित मौजूद रहे।

गंगा घाट पर दुकानें पीछे हटाने के आदेश
डीएम ने तहसील दातागंज के बेला डांडी, तहसील सहसवान के सुखररा घाट, कछला गंगा घाट व अन्य घाटों के निरीक्षण के दौरान घाटों के समीप लगी दुकानों को थोड़ा पीछे हटाने तथा घाटों पर स्थाई पब्लिक एड्रेस (पीए) सिस्टम, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरा लगाने के निर्देश भी दिए।

पार्किंग सहित सुविधाएं कराईं
डीएम ने गंगा घाटों पर आमजन व श्रद्धालुओं की सुविधा के दृष्टिगत पार्किंग, पेयजल व शौचालय आदि व्यवस्थाओं के लिए संकेतक भी लगाने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने घाटों के दोनों छोरों पर जाकर की गई व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। उन्होंने कहा कि मुख्य स्नान से पूर्व सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाए। अधिकारियों की ड्यूटी समय से लगाई जाए तथा मुख्य स्नानों पर अधिकारी स्वयं मौके पर उपस्थित रहे।

गोताखोरों की सूची सार्वजनिक करें
डीएम ने कहा कि गंगा घाटों के आसपास के ग्रामों के प्रधानों व सभा्रंत व्यक्तियों से संपर्क स्थापित किया जाए ताकि आवश्यकता पड़ने पर उनका सहयोग लिया जा सके। गोताखोरों की सूची भी आवश्यक रूप से बनाई जाए ताकि सभी स्नान शासन की मंशा के अनुरूप संपन्न हो। सूची को सार्वजनिक कर दें। जिससे लोग जरूरत पर संपर्क कर सें।

Exit mobile version