बदायूं संवाददाता।
रोहिलखंड के मिनी कुंभ कहे जाने वाले मेला ककोड़ा को इस बार भव्य और व्यवस्थित रूप से आयोजित करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव ने मेला स्थल पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय से सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मेले की भव्यता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
बता दें कि मेला ककोड़ा को लेकर 17 नवंबर को झंडी पूजन किया जाएगा। इसके साथ ही मेले का शुभारंभ हो जाएगा। इसके बाद 23 नवंबर को मेले का विधिवत उद्घाटन होगा, जबकि 24 नवंबर को कार्तिक माह की पूर्णिमा के अवसर पर मुख्य गंगा स्नान आयोजित होगा। इस दौरान लाखों श्रद्धालुओं के ककोड़ा गंगा घाट पहुंचकर आस्था की डुबकी लगाने की संभावना है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव भी लगातार व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग कर रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि 17 नवंबर को झंडी पूजन से पहले मेला स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। कल्पवास के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए पर्याप्त पेयजल, बिजली, प्रकाश और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं और कल्पवासियों की जरूरतों को प्राथमिकता दी जाए।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा किया जाए, जिससे मुख्य स्नान पर्व पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत विनोद सिंह, अभियंता पवन कुमार गोयल, अवर अभियंता अक्षय, मुजीब, मेला पुलिस इंचार्ज अश्वनी कुमार शर्मा, गोविंद यादव, अर्पित शर्मा, अनुराग गुप्ता, सुधीर, वीरेश यादव, जसपाल, संजू चौधरी, अरविंद, गुड्डू और राहुल गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
