बदायूं, संवाददाता।
जनपद में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग की कार्रवाई के बीच एक अनोखा मामला सामने आया है। वाहन स्वामी द्वारा धर्म कांटे की पर्ची के माध्यम से ओवरलोड वाहन के संबंध में व्हाट्सएप पर स्टेटस लगाया गया। मामला परिवहन विभाग के संज्ञान में आने के बाद एआरटीओ ने संबंधित वाहन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 1 लाख 8 हजार रुपये का चालान कर दिया।
परिवहन विभाग जनपद में ओवरलोड वाहनों के संचालन पर अंकुश लगाने के लिए लगातार प्रवर्तन कार्रवाई कर रहा है। निर्धारित भार क्षमता से अधिक माल लादकर वाहन चलाना यातायात नियमों का उल्लंघन होने के साथ ही सड़क सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है। ओवरलोडिंग के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसके अलावा सड़कों और पुलों को भी नुकसान पहुंच सकता है।
इस मामले में वाहन स्वामी द्वारा व्हाट्सएप स्टेटस पर लगाई गई धर्म कांटे की पर्ची के आधार पर ओवरलोडिंग का मामला सामने आया। प्रकरण संज्ञान में आने के बाद एआरटीओ ने संबंधित वाहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1.08 लाख रुपये का चालान किया।
एआरटीओ ने वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में निर्धारित भार क्षमता के अनुसार ही माल लादें और यातायात एवं परिवहन नियमों का पालन सुनिश्चित करें।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट संदेश दिया है कि ओवरलोडिंग से बचें, सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने में सहयोग करें।

Discussion about this post