नया बदायूं, संवाददाता।
जेल में बंद तीन कांग्रेस कार्यकर्ताओं की रिहाई और पुलिस हिरासत में हुई राजेश कोरी की मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर दातागंज एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन करने जा रहे कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव को पुलिस ने शनिवार को नेकपुर स्थित उनके आवास के बाहर रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेसियों के बीच काफी देर तक नोकझोंक हुई। कार्यकर्ताओं की रिहाई के आश्वासन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता शांत हुए।
कांग्रेस के अनुसार, 3 सितंबर को अटसेना गांव में राजेश कोरी की विधवा रूपवती कोरी के धरने का समर्थन करने पहुंचे अजीत यादव समेत कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया था। अजीत यादव को हाउस अरेस्ट कर दिया गया, जबकि यूथ कांग्रेस दातागंज ब्लॉक अध्यक्ष विजय बहादुर, सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष नवनीत यादव और सुभाष जाटव को शांति भंग की कार्रवाई में जेल भेज दिया गया।
अजीत यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पुलिस-प्रशासन के जरिए विपक्ष की आवाज दबा रही है। उन्होंने राजेश कोरी की मौत की हाईकोर्ट के जज से न्यायिक जांच, दोषी पुलिसकर्मियों पर मुकदमा, परिवार को मुआवजा, पत्नी को सरकारी नौकरी और बच्चों की मुफ्त शिक्षा की मांग की।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जेल में बंद तीनों कांग्रेस कार्यकर्ताओं की रिहाई नहीं हुई तो 6 सितंबर को एसडीएम दातागंज का घेराव किया जाएगा। इस दौरान आलोक सिंह, सलीम अंसारी, राजीव पटेल, शहजादा रिजवान, अकरम खान, आशीष यादव, सुरेंद्र सिंह और बदरुल हसन समेत कई कांग्रेसी मौजूद रहे।
