नया बदायूं

उपवास के लिए निकले कांग्रेस जिलाध्यक्ष को पुलिस ने रोका, नायब तहसीलदार ने लिया ज्ञापन

नया बदायूं, संवाददाता।

दातागंज कोतवाली में पुलिस हिरासत में दलित युवक राजेश कोरी की मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर अटसेना गांव में धरने पर बैठीं उनकी विधवा रूपवती कोरी का समर्थन करने पर तीन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जेल भेजे जाने के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव अम्बेडकर पार्क में उपवास करने जा रहे थे। पुलिस प्रशासन ने उन्हें नेकपुर स्थित आवास पर ही रोक दिया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस कार्रवाई के विरोध में काफी देर तक नारेबाजी की और अम्बेडकर पार्क जाने की मांग पर अड़े रहे। बाद में नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन लिया।
ज्ञापन में राजेश कोरी की पुलिस हिरासत में हुई मौत की हाईकोर्ट के न्यायाधीश से न्यायिक जांच कराने, दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, रूपवती कोरी को सरकारी नौकरी और दातागंज में आवास देने, परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा देने तथा राजेश कोरी के चार बच्चों की मुफ्त शिक्षा की व्यवस्था करने की मांग की गई। इसके अलावा जेल में बंद तीन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रिहा करने की मांग भी उठाई गई।
धरने का समर्थन करने पहुंचे थे अजीत यादव
बताया गया कि राजेश कोरी की विधवा रूपवती कोरी 3 सितंबर को अटसेना गांव में अम्बेडकर प्रतिमा के सामने अनिश्चितकालीन धरने पर बैठी थीं। उनका समर्थन करने पहुंचे कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव को पुलिस ने धरनास्थल से हिरासत में ले लिया था। बाद में उन्हें बिनावर थाने में रखा गया और देर रात नेकपुर स्थित उनके आवास पर पुलिस बल तैनात कर नजरबंद कर दिया गया।
इस दौरान उनके साथ मौजूद यूथ कांग्रेस दातागंज ब्लॉक अध्यक्ष विजय बहादुर, सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष नवनीत यादव और ड्राइवर सुभाष जाटव को भी गिरफ्तार कर देर रात जेल भेज दिया गया।
5 सितंबर को दातागंज तहसील पर उपवास
अजीत यादव ने कहा कि पुलिस प्रशासन विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजेश कोरी की विधवा न्याय के लिए धरने पर बैठी हैं, लेकिन उनकी आवाज सुनने के बजाय समर्थन करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने जेल में बंद तीन कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जमानत पर एसडीएम दातागंज द्वारा सुनवाई नहीं किए जाने पर भी नाराजगी जताई। अजीत यादव ने घोषणा की कि 5 सितंबर को दातागंज तहसील में एसडीएम कार्यालय के सामने उपवास कर प्रशासन की कार्रवाई का विरोध किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राजेश कोरी की मौत और उसके बाद न्याय की मांग को लेकर कांग्रेस अपना संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी और जेल जाने से कांग्रेस कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं और न्याय की मांग को लेकर आंदोलन जारी रहेगा।
कार्यक्रम में जिला महासचिव आलोक सिंह, जिला सचिव राजीव पटेल, कांग्रेस विधि विभाग के जिलाध्यक्ष सूरज पाल सोलंकी, एससी कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष मुनेंद्र कन्नौजिया, जिला सचिव मंजेश यादव, उझानी नगर अध्यक्ष बबलू लोहार, म्याऊं ब्लॉक अध्यक्ष अरुण सिंह, शिव सिंह राठौर, अरविंद यादव, खुशीराम यादव, डा. खलील अहमद समेत दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Exit mobile version