नया बदायूं, संवाददाता।
फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के ग्राम सिकरी में ग्राम समाज की भूमि पर बिना सक्षम अनुमति डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने के प्रयास की सूचना के बाद पुलिस-प्रशासन सतर्क है। 25 अगस्त को सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और एहतियातन पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया।
बुधवार को डीएम एवं एसएसपी बदायूं के निर्देशन में एडीएम एफआर और अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने गांव सिकरी पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम सदर (न्यायिक) सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
राजस्व विभाग से समन्वय कर प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार भ्रमण और निगरानी की जा रही है। प्रशासन के अनुसार गांव में सभी दुकानें व बाजार खुले हैं तथा आवागमन, यातायात और दैनिक गतिविधियां सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं। वर्तमान में स्थिति शांतिपूर्ण एवं नियंत्रण में है।
पुलिस-प्रशासन ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।
