नया बदायूं, संवाददाता वजीरगंज।
थाना वजीरगंज क्षेत्र के ग्राम लखनपुर निवासी शिशुपाल पुत्र मूलचंद्र ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बदायूं को शिकायती पत्र देकर पुलिसकर्मियों पर अभद्रता, मारपीट और थ्रेसर कटर जबरन ले जाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने एसएसपी से निष्पक्ष जांच कराकर अपनी भूमि को कब्जामुक्त कराने तथा थ्रेसर कटर वापस दिलाने की मांग की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार 30 जून को उसकी पूर्व में दी गई शिकायत के आधार पर भूमि की पैमाइश के लिए तहसील बिसौली की राजस्व टीम, जिसमें लेखपाल और कानूनगो शामिल थे, थाना वजीरगंज पुलिस के साथ ग्राम लखनपुर पहुंची थी। आरोप है कि पैमाइश के दौरान पुलिसकर्मियों ने उसके साथ गाली-गलौज की और कहा कि वह बार-बार पैमाइश के लिए प्रार्थना पत्र देता है। पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद उसके घर के बाहर खड़े थ्रेसर कटर को गांव निवासी हरवीर पुत्र बाबूराम के ट्रैक्टर से जोड़कर जबरन ले जाया गया। उसका कहना है कि इस पूरी घटना का ग्रामीणों ने वीडियो बनाया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। शिशुपाल ने आरोप लगाया कि हरवीर पुत्र बाबूराम ने उसकी गाटा संख्या 292 की भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा है। साथ ही राजस्व विभाग के लेखपाल, कानूनगो और हल्का दरोगा जगवीर सिंह पर विपक्षी पक्ष से मिलीभगत का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि इसी कारण उसकी शिकायतों पर निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हो रही है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि हल्का दरोगा ने उसके घर की महिलाओं के साथ अभद्रता और मारपीट की। पीड़ित ने एसएसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई, गाटा संख्या 292 की भूमि को कब्जामुक्त कराने तथा जब्त किया गया थ्रेसर कटर वापस दिलाने की मांग की है। एसएसपी बदायूं ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए थाना वजीरगंज पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वहीं, इस संबंध में थाना प्रभारी वजीरगंज का पक्ष जानने के लिए फोन पर संपर्क किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी।
