नया बदायूं

फार्मेसी छात्र-छात्राओं ने किया आयुर्वेदिक चिकित्सालय का शैक्षिक भ्रमण

नया बदायूं, संवाददाता।

 राजकीय मेडिकल कालेज के फार्मेसी विभाग के छात्र-छात्राओं ने चरक आयुर्वेद एवं पंचकर्म चिकित्सालय का शैक्षिक भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति, पंचकर्म उपचार तथा औषधि निर्माण संबंधी विभिन्न जानकारियां प्राप्त कीं। चिकित्सालय के वरिष्ठ आयुर्वेदाचार्य डा. सुविज्ञ पाठक ने छात्र-छात्राओं को आयुर्वेद के सिद्धांतों एवं उपचार पद्धतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आयुर्वेद केवल रोगों के उपचार तक सीमित नहीं है। यह स्वस्थ जीवनशैली एवं रोगों की रोकथाम पर भी विशेष बल देता है। उन्होंने पंचकर्म चिकित्सा के महत्व, विभिन्न उपचार प्रक्रियाओं तथा आयुर्वेदिक औषधियों कीउपयोगिता की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने चिकित्सालय की विभिन्न इकाइयों का अवलोकन किया तथा आयुर्वेदिक उपचार की प्रक्रियाओं को निकट से समझा। छात्र-छात्राओं ने अनेक जिज्ञासाएं रखीं, जिनका डॉ. पाठक ने सरल एवं वैज्ञानिक ढंग से समाधान किया। शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक रहा। इस मौके पर डा. दीप्ति, डा. पवन आदि मौजूद रहे।

Exit mobile version