नया बदायूं

ढाई लाख की पैचिंग पहली बारिश में उखड़ी, सड़क की गुणवत्ता पर सवाल

बदायूं, संवाददाता।

जिला पंचायत गेट से चित्रांश नगर गेट तक हाल ही में बनी सड़क की हालत पहली बारिश में ही खराब हो गई। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और उखड़ी परत को लेकर भारतीय किसान यूनियन टिकैत के मंडल प्रवक्ता राजेश कुमार सक्सेना ने जिला पंचायत अध्यक्ष और डीएम को पत्र भेजकर मार्ग को मानक के अनुसार बनवाने की मांग की है।
राजेश कुमार सक्सेना ने आरोप लगाया कि मार्ग पर वर्षों से दो-दो फीट तक गड्ढे थे। स्थानीय लोगों की मांग के बाद सड़क निर्माण के बजाय करीब ढाई लाख रुपये से केवल पैचिंग कराकर काम पूरा कर दिया गया। 27-28 सितंबर की बारिश ने काम की गुणवत्ता की पोल खोल दी।
उन्होंने कहा कि यह मार्ग चित्रांश नगर और गांधीनगर के लोगों के साथ करीब दो दर्जन ग्रामीण क्षेत्रों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है। सरकारी कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारी भी इसी मार्ग से गुजरते हैं। उन्होंने सड़क पर एक कोट डालकर स्थायी रूप से दुरुस्त कराने की मांग की। चेतावनी दी कि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।

Exit mobile version