बदायूं संवाददाता।
आगामी चुनावों को लेकर भाजपा ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने और नए मतदाताओं को पार्टी से जोड़ने की कवायद तेज कर दी है। गुरुवार को बदायूं स्थित दादी की रसोई के हॉल में आयोजित संगठनात्मक बैठक में प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह और क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी ने जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी पदाधिकारियों के साथ संगठन की मजबूती को लेकर चर्चा की।
प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता और मजबूत बूथ व्यवस्था है। संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रत्येक जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी को अपने क्षेत्र में बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ानी होगी। उन्होंने विशेष रूप से युवा और महिला मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए घर-घर संपर्क अभियान चलाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र युवा, महिला या नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए विधानसभा प्रभारी, मंडल अध्यक्ष और पार्टी पदाधिकारी कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएं। मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम शामिल कराने के साथ प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय की जाए और नियमित समीक्षा हो।
धर्मपाल सिंह ने जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं के साथ नियमित बैठकें करने, जनता से निरंतर संपर्क बनाए रखने और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने नए मतदाताओं, युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें संगठन से जोड़ने पर भी जोर दिया।
क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में भाजपा को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रत्येक जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाए। नए मतदाताओं को जोड़ने और पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए व्यापक जनसंपर्क किया जाए। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने की अपील की।
बैठक में जिला प्रभारी बरेली डॉ. दिनेश शर्मा, जिला प्रभारी राकेश मिश्र अनावा, जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, बिसौली विधायक आशुतोष मौर्य, पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य, क्षेत्रीय महामंत्री संजीव शर्मा एवं राजेश्वर सिंह पटेल, क्षेत्रीय मंत्री महेश राठौर, जिला महामंत्री एमपी सिंह राजपूत, शैलेन्द्र मोहन शर्मा, जोगेंद्र सिंह पटेल, आशीष शाक्य, एमएलसी प्रतिनिधि शारदेन्दु पाठक सहित पार्टी पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
