नया बदायूं

बदायूं में 9 वर्षों में 70 हजार से अधिक परिवारों को मिला अपना घर, 1056 करोड़ से ज्यादा खर्च

नया बदायूं। ब्यूरो कार्यालय
जनपद में बीते नौ वर्षों के दौरान सरकार की आवासीय योजनाओं का व्यापक असर देखने को मिला है। गरीब और जरूरतमंद परिवारों को आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित योजनाओं के तहत अब तक 70,520 लाभार्थियों को उनका अपना घर मिल चुका है। इस पर कुल 1056.11 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं।

जिलाधिकारी अवनीश राय ने बताया कि अप्रैल 2017 से शुरू हुई जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जनपद के सभी विधानसभा क्षेत्रों में आवास योजनाओं का लाभ पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि आवासहीनों को आवास उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।

देहात में 38220 परिवारों को मिले आवास
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत जिले में 38,220 लाभार्थियों को 458.61 करोड़ रुपये की धनराशि प्रदान की गई। इसमें सबसे अधिक लाभ दातागंज विधानसभा क्षेत्र में 13,524 लाभार्थियों को मिला, जबकि सदर, बिल्सी, बिसौली, सहसवान और शेखूपुर क्षेत्रों में भी हजारों परिवारों को योजना से जोड़ा गया।

नगरों में 25866 आवास मिले

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 25,866 लाभार्थियों को 520.32 करोड़ रुपये की सहायता दी गई। इस योजना में भी सभी विधानसभा क्षेत्रों में पात्र लाभार्थियों को शामिल करते हुए उन्हें आवास उपलब्ध कराए गए।

6434 सीएम आवास मिले
इसके अलावा मुख्यमंत्री आवास योजना (शहरी व ग्रामीण) के अंतर्गत 6,434 लाभार्थियों को 77.18 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की गई है।

हर गरीब को लाभ
डीएम ने बताया कि सरकार की मंशा है कि कोई भी पात्र परिवार आवास से वंचित न रहे, इसी लक्ष्य के साथ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता के साथ लाभार्थियों का चयन कर उन्हें समय पर धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे गरीब परिवारों का जीवन स्तर बेहतर हो रहा है।

Exit mobile version