बदायूं, संवाददाता।
म्याऊ विकासखंड की ग्राम पंचायत नबीगंज स्थित गौशाला में कथित अनियमितताओं की शिकायत को असत्य और निराधार बताए जाने के बाद राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने ब्लॉक कार्यालय के सामने धरना दिया। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम दातागंज को सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और पशु चिकित्साधिकारी के निलंबन की मांग की।
संगठन के प्रांत महामंत्री पंकज गुप्ता के अनुसार 18 अगस्त 2026 को सोशल मीडिया पर नबीगंज गौशाला की दयनीय स्थिति का वीडियो सामने आने के बाद संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे थे। उनका दावा है कि गौशाला में 25 गोवंश मिले, जबकि 71 गोवंश के नाम पर सरकारी धन लिए जाने की शिकायत की गई थी।
पंकज गुप्ता ने मामले की शिकायत आईजीआरएस के माध्यम से की। आरोप है कि म्याऊ ब्लॉक के पशु चिकित्साधिकारी ज्ञानवीर ने शिकायत को असत्य और निराधार बताते हुए उसका निस्तारण कर दिया। साथ ही शिकायतकर्ता पर गौशाला जाकर पैसे मांगने का आरोप लगाए जाने से संगठन के कार्यकर्ताओं में रोष फैल गया।
धरने के दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि गौशाला से संबंधित कथित अनियमितताओं को दबाने तथा ग्राम प्रधान से मिलीभगत के कारण शिकायत का सही तरीके से निस्तारण नहीं किया गया। उन्होंने पशु चिकित्साधिकारी के निलंबन के साथ ही म्याऊ ब्लॉक की सभी गौशालाओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
धरने का नेतृत्व राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष करन दक्ष ने किया। इस दौरान संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Discussion about this post