बदायूं संवाददाता।
देश के प्रथम गृह मंत्री एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती 31 अक्टूबर को मनाने की तैयारियों को लेकर भारतीय पटेल महासभा की महत्वपूर्ण बैठक सुनीता गार्डन में आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष भी सरदार पटेल की जयंती का आयोजन पटेल चौक पर किया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए भारतीय पटेल महासभा के प्रदेश महासचिव कुलदीप सिंह पटेल एडवोकेट ने कहा कि अखंड भारत के शिल्पी सरदार वल्लभभाई पटेल के विचार आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके त्याग, समर्पण और राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।
उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर को प्रातः 9 बजे पटेल चौक स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी।
भारतीय पटेल महासभा ने बदायूं क्षेत्र के समस्त नागरिकों, युवाओं एवं समाजसेवियों से अपील की है कि वे 31 अक्टूबर को अधिक से अधिक संख्या में पटेल चौक पहुंचकर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करें और जयंती समारोह को भव्य एवं सफल बनाएं।
बैठक में रवीश पटेल उर्फ टिंकू, जोगेंद्र सिंह पटेल, शिवेंद्र पटेल एडवोकेट, देवेंद्र सिंह, यशपाल पटेल, गौरव मराठा, बिजेंद्र सिंह, महेश राठौर, राघवेंद्र सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
