नया बदायूं, संवाददाता।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्र सेवा कार्यक्रम के तहत जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों की ओर से जनपद के विभिन्न विद्यालयों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपने चित्रों और विचारों के माध्यम से विकसित भारत की परिकल्पना को सामने रखा।
प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने स्वच्छ, आत्मनिर्भर, आधुनिक, शिक्षित और सशक्त भारत के अपने सपनों को रंगों और शब्दों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। विकसित भारत, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, शिक्षा, तकनीकी विकास, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर बच्चों ने चित्र बनाए और भाषण प्रस्तुत किए।
जिला उपाध्यक्ष सीमा राठौर ने बदायूं नगर के राजाराम एवं केदारनाथ महिला इंटर कॉलेज में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की यात्रा सेवा, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जुड़ी रही है। ‘मेरे सपनों का भारत’ जैसे कार्यक्रम नई पीढ़ी को इसी भावना से जोड़ने का माध्यम हैं। आज के विद्यार्थी ही भविष्य के भारत की दिशा तय करेंगे, इसलिए उन्हें विकसित भारत 2047 के संकल्प से जोड़ना जरूरी है।
जिला मंत्री रचना शंखधार ने सिंग्लर गर्ल्स इंटर कॉलेज और राजकीय इंटर कॉलेज में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष देश की सेवा और जनकल्याण के विभिन्न प्रयासों के साक्षी रहे हैं। उन्होंने कहा कि चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को देश की विकास यात्रा को समझने और अपने सपनों के भारत की कल्पना को व्यक्त करने का अवसर मिल रहा है। बच्चों के विचारों में भारत के उज्ज्वल भविष्य की झलक दिखाई दे रही है।
