नया बदायूं

बाल संस्कार केंद्र अभ्यास वर्ग का आयोजन, मातृशक्ति व दुर्गा वाहिनी की सहभागिता

नया बदायूं, संवाददाता।
विश्व हिंदू परिषद की मातृशक्ति एवं दुर्गा वाहिनी के तत्वावधान में एक दिवसीय बाल संस्कार केंद्र अभ्यास वर्ग का आयोजन हरीश चंद्रवंशीय समाज सेवा सदन (रस्तोगी धर्मशाला), बदायूं में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ कासगंज एवं मथुरा से पधारीं मुख्य अतिथि कृष्णा दीदी एवं शिवानी दीदी द्वारा दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इस अवसर पर डॉ. प्रतिभा गुप्ता (नोटरी अधिवक्ता), जिला संयोजिका मातृशक्ति, बदायूं एवं सुनीता मिश्रा ने मंचासीन अतिथियों का तिलक, अंगवस्त्र (पटका) एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया।

मुख्य वक्ता कृष्णा दीदी ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों को बचपन से ही श्रेष्ठ संस्कार देना प्रत्येक परिवार का प्रथम दायित्व है। संस्कारित बालक ही भविष्य में सशक्त समाज और राष्ट्र का निर्माण करते हैं। उन्होंने मातृशक्ति से बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

शिवानी दीदी ने बच्चों और माताओं को मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि पुस्तकों के माध्यम से अध्ययन करने से ज्ञान अधिक व्यापक होता है और परिवार में संवाद भी बढ़ता है, जो संस्कार निर्माण के लिए आवश्यक है।

कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद बदायूं की जिला उपाध्यक्ष महेशा सिंह ने ज्ञानवर्धक कहानियों एवं खेल-खेल में शिक्षा के माध्यम से बच्चों का मार्गदर्शन किया, वहीं विभाग संयोजिका किरण ने प्रेरक व मनोरंजक खेलों का संचालन कराया।

अभ्यास वर्ग में 30 मातृशक्ति एवं 20 दुर्गा वाहिनी की बहनों ने सहभागिता की। प्रमुख रूप से पूर्णिमा सक्सेना, राजकुमारी गुप्ता, रेनू गुप्ता, एकता सक्सेना, सुमनलता गुप्ता, अंजू त्रिपाठी, पूनम वैश्य, शीतेष गुप्ता, प्रिया सोलंकी, नीलू, सुषमा, वीनू सहित अनेक बहनें उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम में जिला संगठन मंत्री योगेश पाठक, जिला अध्यक्ष नीरज गुप्ता, जिला मंत्री विनय प्रताप सिंह, जिला कोषाध्यक्ष नीरज कोचर, जिला सह मंत्री राजेश बाबू, जिला उपाध्यक्ष डीएन शर्मा एवं सह सेवा प्रमुख राजेश सपड़ा की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन सुनीता मिश्रा एवं श्रद्धा मिश्रा ने संयुक्त रूप से किया।

Exit mobile version